कोरबा।सीएसईबी कोरबा पूर्व स्थित बीकन इंग्लिश मीडियम स्कूल में बाल दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आनंद मेले का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में प्रेरणा महिला मंडल, सीएसईबी कोरबा पूर्व की अध्यक्ष अल्का कंसल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं अनामिका गुप्ता एवं सीमा राजपूत विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यार्थियों ने देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति पर आधारित गीत और नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने अतिथियों, शिक्षकों और सहपाठियों का मन मोह लिया।

इस दौरान विद्यालय के शाला नायक अयान खान ने बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रेरणादायक उद्बोधन दिया। मुख्य अतिथि अल्का कंसल ने बच्चों को देश का भविष्य बताते हुए उनके सर्वांगीण विकास और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य वायए नाथन ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरे उत्साह से सीखने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के मूल्यांकन की जिम्मेदारी अल्का कंसल, अनामिका गुप्ता एवं सीमा राजपूत ने निभाई। इसके पश्चात अतिथियों ने फीता काटकर आनंद मेले का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षिकाओं ए. खान एवं पी. तिवारी ने किया। अंत में पी. तिग्गा ने आभार प्रदर्शन किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
