परसदा में शुरू हुआ नया धान खरीदी केंद्र, 400 से अधिक किसानों को मिलेगी राहत

कोरबा।धान कटाई और मिंजाई के व्यस्त सीजन में किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए दूर के खरीदी केंद्रों तक नहीं जाना पड़ेगा। प्रशासन ने परसदा में नया धान खरीदी केंद्र शुरू कर आसपास के गांवों के किसानों को बड़ी राहत दी है। इस केंद्र के शुरू होने से किसानों को नजदीक में ही धान विक्रय की सुविधा मिलने लगी है।

परसदा खरीदी केंद्र से परसदा, बापापुती, शिवपुर और फूलवारीपारी सहित आसपास के गांवों के किसान लाभान्वित होंगे। यहां 400 से अधिक किसानों का पंजीयन है। केंद्र शुरू होते ही धान खरीदी भी प्रारंभ हो गई है। खरीदी के पहले दिन 15 नवंबर को किसान विश्राम सिंह ने 10 क्विंटल 40 किलोग्राम धान बेचा। वहीं 18 नवंबर को महिला किसान रामकली तिवारी ने 53 क्विंटल 60 किलोग्राम धान का विक्रय किया।

नए खरीदी केंद्र में किसानों के बैठने सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है, ताकि उन्हें उपज बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

पाली विकासखंड के ग्राम बोदलपारा निवासी किसान जानिक राम ने बताया कि उन्होंने अपने खेत में धान की 1010 किस्म लगाई है। इस वर्ष फसल भी अच्छी हुई है।

उन्होंने कहा कि गांव के पास ही खरीदी केंद्र खुलने से किसानों को काफी सहूलियत मिलेगी। अब उन्हें धान बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। जानिक राम ने इस वर्ष धान विक्रय के साथ मिलने वाली अंतर राशि और आदान सहायता राशि को भी छोटे किसानों के लिए उपयोगी बताया।