चक्रवात ‘अकवान’ को लेकर कोरबा में ऑरेंज अलर्ट, 20-21 नवंबर को भारी बारिश की आशंका

बिजली लाइनों के आसपास की टहनियां छांटने सीएसईबी को निर्देश, धान खरीदी केंद्रों में उपज सुरक्षित रखने की तैयारी

कोरबा। एक पखवाड़े पहले आए चक्रवाती तूफान के असर से जिले में धान की फसल और लोगों की संपत्तियों को हुए नुकसान से किसान और आम नागरिक अभी पूरी तरह उबर भी नहीं पाए हैं कि अब चक्रवात ‘अकवान’ ने चिंता बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के आधार पर 20 और 21 नवंबर को कोरबा जिले में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। संभावित मौसम को देखते हुए जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। प्रशासन ने आपदा से निपटने के लिए विभागों को सतर्क कर दिया है।

प्रभारी कलेक्टर प्रतीक जैन ने सभी विभागीय अधिकारियों को अलर्ट रहने और आपदा प्रबंधन की आवश्यक तैयारियां तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। संभावित जलभराव, नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर, तेज हवा तथा पेड़ या बिजली के तार गिरने जैसी परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जाए।

प्रशासन ने सीएसईबी को विद्युत लाइनों के आसपास लटक रही पेड़ों की टहनियों की छंटाई करने के निर्देश दिए हैं, ताकि तेज हवा के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने और दुर्घटनाओं की आशंका कम की जा सके।

मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि 20 और 21 नवंबर को पंचायत सचिव, रोजगार सहायक तथा कोटवार अपने-अपने पंचायत मुख्यालयों में उपस्थित रहें। कोटवारों के माध्यम से गांवों में मुनादी कराकर लोगों को जर्जर मकानों, पेड़ों, बिजली के खंभों और तारों से दूर रहने की सूचना दी जाएगी। पंचायत भवनों और सुरक्षित स्कूल भवनों को आवश्यकता पड़ने पर राहत केंद्र के रूप में उपयोग के लिए तैयार रखा जाएगा। साथ ही नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

जर्जर कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाएगी।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और तहसीलदारों को नदी-नालों के किनारे तथा निचले इलाकों में संभावित निकासी और राहत व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। राहत केंद्रों में भोजन, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

संभावित नुकसान की स्थिति में राजस्व अमला सर्वे कर प्रभावितों की जानकारी जुटाएगा।

धान खरीदी केंद्रों और किसानों के लिए विशेष सतर्कता

चक्रवात की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने धान खरीदी केंद्रों में उपज सुरक्षित रखने के लिए भी जरूरी निर्देश जारी किए हैं। खाद्य, विपणन और सहकारिता विभाग को खरीदी केंद्रों में खुले में रखे धान को चबूतरों पर व्यवस्थित रखने तथा कैप कवर या तिरपाल से पूरी तरह ढंकने को कहा गया है। केंद्रों में पानी की निकासी की व्यवस्था करने और धान का उठाव तेज करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

किसानों को भी सूचना दी जाएगी कि वे खरीदी केंद्रों में धान लाते समय उसे अच्छी तरह ढंककर लाएं। कृषि विभाग के माध्यम से किसानों को कटी हुई फसल सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर रखने की सलाह दी जाएगी। निचले इलाकों में रखे पशुधन को भी सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।