अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन में देशभर के कवियों ने बांधा समां, गीतों और हास्य रचनाओं ने श्रोताओं को देर तक किया मंत्रमुग्ध
कोरबा। हंसी के ठहाके, व्यंग्य के तीखे बाण, गीतों की मिठास और श्रृंगार रस की कविताएं… बुधवार की शाम निहारिका स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन एयर ऑडिटोरियम साहित्य और मनोरंजन के अनूठे संगम का साक्षी बना। अवसर था अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन-2026 का, जहां देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कवियों ने अपनी सशक्त और रोचक प्रस्तुतियों से श्रोताओं को देर तक बांधे रखा।
‘कविता… जो दिल से दिल तक पहुंचे’ थीम पर आयोजित इस काव्य संध्या में हास्य, व्यंग्य, गीत और श्रृंगार रस की रचनाओं ने माहौल को जीवंत बना दिया। कभी हास्य कविताओं पर ठहाके गूंजे तो कभी गीतों और भावपूर्ण रचनाओं ने श्रोताओं को भावनाओं से जोड़ा।
कार्यक्रम की शुरुआत में आमंत्रित सभी कवियों का बैज लगाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके बाद मां सरस्वती का स्मरण करते हुए गीतकार मीर अली मीर ने अपनी प्रस्तुति से काव्य सम्मेलन का शुभारंभ किया।
कवि सम्मेलन में प्रयागराज के अखिलेश द्विवेदी ने हास्य कविताओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। रायपुर के गीतकार मीर अली मीर ने अपने गीतों से समां बांधा। पश्चिम बंगाल से पहुंचे पवन बांके बिहारी ने हास्य रचनाओं से माहौल में रंग भरा, वहीं कटनी की प्रियंका मिश्रा ने श्रृंगार रस की कविताओं से काव्य संध्या को खास बना दिया।
कोरबा के हिरामणी वैष्णव, बिलाईगढ़ के शशि भूषण स्नेही और बरमकेला के कमलेश यादव ‘धाकड़’ ने भी अपनी हास्य रचनाओं से श्रोताओं को खूब हंसाया। कवियों की एक के बाद एक प्रस्तुतियों पर ओपन थिएटर देर तक तालियों और ठहाकों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र पांडेय, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह तथा जिला अध्यक्ष नरेंद्र मोदी विचार मंच सोनू पांडेय सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने भी पूरे काव्य सम्मेलन का आनंद लिया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
