छुरीकला के वार्ड-9 रावतपारा में बदहाल व्यवस्था, पूर्व पार्षद के नेतृत्व में कलेक्टर से शिकायत की तैयारी
छुरीकला। नगर पंचायत छुरीकला के वार्ड क्रमांक 9 रावतपारा में सफाई व्यवस्था की बदहाली रहवासियों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। खुले नाले, सड़क किनारे बिखरे स्लैब और गंदगी के बीच लोगों को प्रमुख त्योहार मनाने पड़े। दीपावली से पहले सफाई और नाली ढंकने का आश्वासन दिए जाने के बावजूद काम नहीं होने से वार्डवासियों में नाराजगी है।
रावतपारा का मुख्य मार्ग गांगपुर, झोरा घाट, कोसगाई पहाड़ और गढ़ संतरेगा-अजगरबहार की ओर जाने वाला प्रमुख रास्ता है। इस मार्ग पर लगातार आवागमन बना रहता है, लेकिन सड़क किनारे खुली नाली और बिखरे स्लैब लोगों के लिए परेशानी और असुविधा का कारण बने हुए हैं।
पूर्व पार्षद हीरालाल यादव ने दीपावली से पहले मुख्य नगरपालिका अधिकारी से मुलाकात कर वार्ड में सफाई कराने और खुली नाली को ढंकने का आग्रह किया था। इस दौरान 5 नवंबर तक सफाई और नाली ढंकने का आश्वासन दिया गया, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। दीपावली तक सफाई नहीं होने और नाली खुली रहने से रहवासियों की परेशानी बनी रही।
पूर्व पार्षद का कहना है कि पहले प्रमुख त्योहारों के पहले नगर के सभी वार्डों में सफाई अभियान चलाया जाता था, लेकिन इस बार बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी उदासीनता नजर आई। वार्ड की समस्या का समाधान नहीं होने से अब वार्डवासियों के साथ जिला कलेक्टर के समक्ष शिकायत करने की तैयारी की जा रही है।
रहवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, खुली नालियों को ढंकने और सड़क किनारे फैली गंदगी हटाने की मांग की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
