बुधवारी फुट ओवर ब्रिज जगमगाया नई लाइटिंग से: वृद्धाश्रम व चौक पर शुरू हुए ऊर्जादक्ष इलेक्ट्रिक हीटर

उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन व महापौर संजू देवी राजपूत ने किया उद्घाटन; ठंड में जरूरतमंदों को मिलेगी राहत

कोरबा। शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में नगर निगम द्वारा किए गए कार्यों का गुरुवार को शुभारंभ किया गया। बुधवारी फुट ओवरब्रिज में की गई नई प्रकाश व्यवस्था तथा निहारिका सुभाष चौक और सर्वमंगला मंदिर के समीप स्थित वृद्धाश्रम में ऊर्जा दक्ष इलेक्ट्रिक हीटर का उद्घाटन उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन एवं महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने किया।

उद्योग मंत्री द्वारा स्विच ऑन करते ही बुधवारी एफओबी दूधिया रोशनी से जगमगा उठा। बेहतर प्रकाश व्यवस्था से आसपास मौजूद लोगों ने सुरक्षा और सुविधा का अलग ही अनुभव किया। वहीं ठंड के मौसम में लोगों को राहत देने के उद्देश्य से दो स्थानों पर इलेक्ट्रिक हीटर की सुविधा भी शुरू की गई।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि बिजली से चलने वाले ऊर्जा दक्ष इलेक्ट्रिक ताप हीटर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थानों, वृद्धाश्रम, आश्रय स्थलों और रैन बसेरों में चरणबद्ध रूप से स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को राहत मिल सके।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि जन आवश्यकताओं को पूरा करना नगर निगम का दायित्व है और इसी भावना के साथ शहर में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य अजय गोंड़, पार्षद पंकज देवांगन, राकेश वर्मा, नरेन्द्र पाटनवार, वैभव शर्मा, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, सहायक अभियंता विपिन मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।