कुसमुंडा खदान के पास ग्रामीण की ठंड से मौत की आशंका, शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी

कोरबा। जिले में बढ़ती ठंड अब जानलेवा साबित होने लगी है। कुसमुंडा माइंस के समीप एक 55 वर्षीय ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान खम्हरिया निवासी चैतराम यादव के रूप में हुई है।

प्रथम दृष्टया ठंड से शरीर अकड़ने के कारण मौत की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार कुछ लोगों ने चैतराम यादव का शव कुसमुंडा खदान से लगे खोडरी बरपाली से खदान की ओर जाने वाले ऊपरी मार्ग पर पड़ा देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने शव को विकास नगर स्थित अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया है। मर्ग पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि शव की स्थिति से प्रतीत होता है कि मौत हाल ही में हुई है।

परिजनों ने बताया कि चैतराम यादव अक्सर घर से घूमने निकल जाया करते थे और कुछ समय बाद लौट आते थे, लेकिन इस बार कई दिनों तक घर नहीं लौटने से परिवार चिंतित था।

मौके पर मिले लक्षणों और वर्तमान ठंड को देखते हुए माना जा रहा है कि ठंड उनकी मौत का मुख्य कारण हो सकती है।

बताया जा रहा है कि इस ठंड के मौसम में जिले में यह पहला मामला है, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई है।