पुलिस ने कॉल डिटेल्स और पूछताछ के आधार पर आरोपी को भेजा जेल
कोरबा। चरित्र शंका और लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान एक युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में कोरबी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक दिलहरण मरकाम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार पसान थाना अंतर्गत कोरबी चौकी क्षेत्र के पाली गांव की रहने वाली बेचनी कुमारी ने करीब 20 दिन पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान यह सामने आया कि मृतका का दिलहरण मरकाम के साथ प्रेम संबंध था।
कोरबी चौकी प्रभारी एस.के. जोगी ने बताया कि जांच के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाली गईं और संबंधित लोगों से पूछताछ की गई। इस दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी दिलहरण मरकाम मृतका पर यह आरोप लगाकर लगातार प्रताड़ित कर रहा था कि उसका किसी अन्य युवक से संबंध है। आरोपी की इस चरित्र शंका और मानसिक यातना से युवती अत्यंत आहत थी।
पुलिस के अनुसार इसी मानसिक दबाव और प्रताड़ना के चलते युवती ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। तथ्यों के सामने आने के बाद पुलिस ने पाली गांव में दबिश देकर आरोपी दिलहरण मरकाम को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
