2025 में भी नहीं मिली हाथियों से राहत: कोरबा जिले में जारी आतंक, फसलें बर्बाद और ग्रामीण दहशत में

वन विभाग की निगरानी के बावजूद समस्या बरकरार; करतला और कटघोरा रेंज में दंतैल हाथियों का उत्पात

कोरबा।जिले में जंगली हाथियों का आतंक वर्ष 2025 में भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोरबा वन मंडल के करतला रेंज में पहुंचा एक दंतैल हाथी अब तीन हाथियों के झुंड में शामिल हो गया है, जबकि कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज में घूम रहा एक अन्य दंतैल हाथी गांवों में घुसकर मकानों को नुकसान पहुंचा रहा है। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

वर्तमान में कोरबा वन मंडल में कुल 11 हाथी मौजूद हैं। इनमें कुदमुरा रेंज के ग्राम गुरमा में एक मादा हाथी अपने बच्चों के साथ घूम रही है। करतला रेंज के चिकनीपाली जंगल में 8 हाथियों का झुंड है, जबकि केराकछार क्षेत्र में एक दंतैल हाथी सक्रिय है। ग्राम संदरी सेंद्रीपाली में इस दंतैल हाथी ने गन्ने की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया और एक बाउंड्रीवॉल भी तोड़ दी।

वन विभाग के एसडीओ एस.के. सोनी ने बताया कि हाथियों की लगातार निगरानी की जा रही है और उनके मूवमेंट के आधार पर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। हालांकि, वर्ष 2025 की शुरुआत से अब तक जिले के दोनों वन मंडलों में हाथियों के उत्पात ने वन विभाग के साथ-साथ स्थानीय लोगों को परेशान किया हुआ है।

संसाधनों और तकनीक के इस्तेमाल के बावजूद इस समस्या का स्थायी हल नहीं निकल सका है, जो अपने आप में एक बड़ी चुनौती बन गई है।