कोरबा। दीपका में एक चिकित्सक की गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां इलाज के दौरान लगाए गए इंजेक्शन के बाद 12 वर्षीय बालक का दाहिना पैर सुन्न हो गया। घटना के बाद बालक चलने-फिरने में असमर्थ हो गया, जिससे परिजनों में आक्रोश व्याप्त है।
मामले में पुलिस ने संबंधित चिकित्सक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवारी बाजार दीपका निवासी 12 वर्षीय बालक ने 26 फरवरी 2025 को विजय नगर, दीपका स्थित एक स्थानीय चिकित्सक के क्लीनिक में इलाज कराया था। इलाज के दौरान इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ ही देर बाद बालक के दाहिने पैर में सुन्नपन आ गया और वह पैर काम करना बंद कर गया।
परिजनों ने इस गंभीर मामले की शिकायत कलेक्टर से की, जिस पर एसडीएम कटघोरा द्वारा एक जांच समिति गठित की गई। जांच में यह सामने आया कि संबंधित चिकित्सक ने बिना वैध डाक्टरी पंजीयन के लापरवाहीपूर्वक उपचार किया। खंड चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा डॉ. रश्मि लता की जांच रिपोर्ट के आधार पर दीपका थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने चिकित्सक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 125(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
