बुजुर्ग मित्रों की जोड़ी ने लिया देहदान-नेत्रदान का संकल्प, मृत्यु के बाद शरीर समाज के काम आए

कोरबा। मरणोपरांत शरीर को मिट्टी में व्यर्थ मिलने देने के बजाए समाज की सेवा में लगाने की प्रेरणादायी सोच के साथ बालकोनगर के दो बुजुर्ग मित्रों ने देहदान और नेत्रदान का संकल्प लिया। कैलाशनगर-बेलाकछार निवासी विवारू राम नोनिया और बुद्धू दास महंत लंबे समय से घनिष्ठ मित्र हैं।

एक दशक से दोनों सुबह साथ-साथ वॉकिंग पर निकलते हैं और इस दौरान घर-परिवार व समाज से जुड़ी विभिन्न चर्चाएं करते हैं। इसी क्रम में एक दिन उम्र के अंतिम पड़ाव और मृत्यु के बाद शरीर के अंतिम संस्कार से व्यर्थ चले जाने की बात हुई। चर्चा आगे बढ़ी तो उन्होंने विचार किया कि देहदान से मेडिकल कॉलेज में पढ़ने वाले भावी चिकित्सकों के अध्ययन में मदद मिलेगी और नेत्रदान से किसी की आंखों की रोशनी लौटाकर जिंदगी रोशन की जा सकती है।

वॉकिंग के दौरान ही दोनों मित्रों ने यह नेक संकल्प ले लिया कि मृत्यु के बाद उनका शरीर समाज के काम आए। इसके बाद दोनों मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और विधिवत देहदान एवं नेत्रदान का संकल्प पत्र भरकर अपना फैसला दर्ज कराया। उनकी इस पहल से समाज में देहदान-नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ने की उम्मीद है।