हसदेव दर्री बराज के गेटों की पेंटिंग और मरम्मत शुरू, 6 महीने तक पुल रहेगा बंद

कोरबा। हसदेव नदी पर स्थित दर्री बराज के 14 गेटों को जंग से बचाने के लिए बड़े पैमाने पर मरम्मत और पेंटिंग का कार्य शुरू किया जा रहा है। इस काम पर करीब 2 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और यह कार्य लगभग 6 महीनों तक चलेगा। इस दौरान बराज के ऊपरी पुल से वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।

बराज के कार्यपालन अभियंता एस.एन. साय ने बताया कि गेटों की सफाई सैंड ब्लास्टिंग तकनीक से की जाएगी, जिसके बाद दोनों ओर विशेष पेंटिंग की जाएगी। इसके लिए स्टॉप लॉग का उपयोग किया जाएगा। यह कार्य जोखिम भरा है, क्योंकि समय पर पेंटिंग न होने से गेटों पर जंग लगने का खतरा बना रहता है। गौरतलब है कि गेटों की पिछली मरम्मत करीब 10 साल पहले हुई थी।

61 साल पुराने इस बराज में हमेशा 941 फीट जलस्तर बनाए रखा जाता है। यहां से औद्योगिक इकाइयों और बिजली उत्पादन कंपनियों को सीधे पानी की आपूर्ति होती है। जलस्तर कम होने पर बांगो बांध से पानी लिया जाता है, जबकि नहरों के जरिए सिंचाई के लिए भी पानी छोड़ा जाता है।

बराज के नीचे समानांतर नया पुल बन चुका है, जिसके बाद भारी वाहनों की आवाजाही पहले ही बंद कर दी गई थी।

वर्तमान में पुराने पुल से केवल हल्के वाहन गुजर रहे हैं। नए पुल की वजह से आम लोगों को ज्यादा असुविधा नहीं होगी।

अभियंता ने कहा कि बारिश शुरू होने से पहले कार्य पूरा करने का लक्ष्य है, इसलिए काम तुरंत शुरू कराया जा रहा है।