ट्रांसपोर्टर से मारपीट कर सोने की चेन लूटी, एक आरोपी गिरफ्तार; स्कॉर्पियो जब्त, तीन फरार

कोरबा। शहर के आरएसएस नगर क्षेत्र में दिनदहाड़े ट्रांसपोर्टर के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार बदमाशों में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त कर लिया है, जबकि तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

घटना 26 दिसंबर की दोपहर की है। तखतपुर मुंगेली निवासी ट्रांसपोर्टर दीपक एमपी नगर से आरएसएस नगर की ओर जा रहे थे। रास्ते में रुकते ही स्कॉर्पियो सवार चार युवकों ने उन पर हमला कर मारपीट की और गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। पीड़ित दीपक ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन बदमाश स्कॉर्पियो से भाग निकले।

शिकायत मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसईसीएल सुभाष ब्लॉक निवासी आयुष रत्नाकर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से स्कॉर्पियो वाहन जब्त कर लिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर के अनुसार, आयुष को कोर्ट में पेश किया गया जहां जमानत अर्जी खारिज होने पर उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले में शहर के कुछ अन्य युवकों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हैं और दावा किया जा रहा है कि शीघ्र ही बाकी आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।

वर्ष खत्म होने से पहले पेंडिंग मामलों को निपटाने में जुटी पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।