उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन कल 2.28 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का करेंगे भूमिपूजन

कोरबा।छत्तीसगढ़ के वाणिज्य,उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन शनिवार 27 दिसंबर को कोरबा जिले में कुल 2.28 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। यह कार्यक्रम कोरबा के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित होगा, जिसमें स्थानीय निवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने वाले कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम के अनुसार, मंत्री श्री देवांगन दोपहर 1:50 बजे चारपारा कोहड़िया से प्रस्थान कर 2 बजे सरस्वती शिशु मंदिर सीएसईबी में एनसीसी कैंप के समापन समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे नर्सरीपारा में 93.94 लाख रुपये की लागत वाले कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इनमें कोहड़िया शासकीय हाई स्कूल में शौचालय निर्माण (5.94 लाख), नाली एवं रोड मरम्मत (18 लाख), सामुदायिक भवन निर्माण (20 लाख) तथा सीसी रोड व नाली निर्माण (50 लाख) शामिल हैं।

अपराह्न 3:30 बजे दोढ़ीपारा भैंसखटाल में 64.30 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन होगा, जिसमें स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल में साइकल स्टैंड (6.30 लाख), मंच निर्माण (10 लाख), सीसी रोड एवं नाली (8 लाख), गौठान पारा में नाली व सीसी रोड (20 लाख) तथा सामुदायिक भवन (20 लाख) के कार्य शामिल हैं।

शाम 4:30 बजे राताखार बजरंग चौक में 70.32 लाख रुपये की लागत वाले कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा।

इनमें गेरवाघाट में शेड निर्माण (5 लाख),श्री अग्रसेन महाविद्यालय परिसर में प्रसाधन निर्माण (10 लाख), इंदिरा स्टेडियम ऑडिटोरियम का जीर्णोद्धार (30.32 लाख), राताखार में सीसी रोड एवं नाली (15 लाख) तथा सामुदायिक भवन (10 लाख) शामिल हैं।

इसके बाद मंत्री श्री देवांगन शाम 5:15 बजे जश्ने रिसॉर्ट में 30वें श्री नारायणी नमो नमो भजनोत्सव एवं मंगलपाठ कार्यक्रम में शामिल होंगे तथा शाम 6 बजे सतनामी समाज द्वारा आयोजित परमपूज्य गुरु घासीदास बाबा की 269वीं जयंती एवं गुरुपर्व समारोह में भाग लेंगे।