धान खरीदी केंद्रों में अनियमितताओं का पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने किया निरीक्षण, किसानों की शिकायतों पर जताई नाराजगी

कोरबा। धान खरीदी केंद्रों में किसानों की बढ़ती परेशानियों को देखते हुए पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल ने दादरखुर्द, सुमेधा एवं नागिनभांठा धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उनके साथ जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर, पूर्व अध्यक्ष नत्थूलाल यादव, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, उप नेता प्रतिपक्ष डॉ. रामगोपाल कुर्रे, पार्षद नारायण कुर्रे, बद्री किरण, पूर्व पार्षद पालुराम साहू, मनक राम साहू, डॉ. रामगोपाल यादव, प्रदीप जायसवाल, जिला कांग्रेस कोषाध्यक्ष विनोद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान दादरखुर्द केंद्र में किसानों ने पूर्व मंत्री अग्रवाल से तौल में गड़बड़ी, पर्याप्त टोकन नहीं मिलने और सीमित मात्रा में धान खरीदी की शिकायत की। नकटीखार निवासी किसान निर्मल सिंह कंवर ने बताया कि उनके पास 50 क्विंटल धान है, लेकिन केवल 12 क्विंटल के लिए टोकन दिया गया। कई किसानों ने रकबा कम करने और उठाव कम होने की समस्या बताई।

श्री अग्रवाल ने केंद्र प्रबंधक जमाल खान एवं खाद्य अधिकारी एस.के. कंवर से बात कर व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए और गड़बड़ियों को तत्काल दूर करने की मांग की।

श्री अग्रवाल ने कहा कि पूरे प्रदेश में किसानों को धान बेचने में अनेक समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं। मेहनत से उपजाए धान का उचित मूल्य और समय पर खरीदी नहीं मिल रही। किसानों के साथ अन्याय न हो, उन्हें शासन की योजनाओं का पूरा लाभ मिले।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि कांग्रेस सरकार में दाना-दाना धान खरीदा जाता था। नत्थूलाल यादव ने लिमिट बढ़ाने, जबकि कृपाराम साहू ने बड़े किसानों की समस्या और गिरदावरी में छेड़छाड़ का मुद्दा उठाया।

सुमेधा एवं नागिनभांठा केंद्रों में व्यवस्था ठीक बताई गई।

कांग्रेस नेताओं ने सरकार से किसान हित में त्वरित कार्रवाई की मांग की।