हरदीबाजार–सुवाभोढ़ी  में अवैध ईंट भट्ठों पर प्रशासन का शिकंजा, 18 भट्ठों पर छापेमारी, बिजली कनेक्शन व ट्रैक्टर जब्त

कोरबा। जिला कोरबा के हरदीबाजार एवं सुवाभोढ़ी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित ईंट भट्ठों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रोहित कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित संयुक्त दल ने कुल 18 अवैध ईंट भट्ठों पर छापेमारी कर कार्रवाई की।

इस संयुक्त कार्रवाई में तहसीलदार हरदीबाजार अभिजीत राजभानु, थाना प्रभारी मृत्युंजय पाण्डेय, राजस्व विभाग, पुलिस एवं पंचायत विभाग की टीम शामिल रही। जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित ईंट भट्ठे अवैध बिजली कनेक्शन के माध्यम से संचालित किए जा रहे थे।

इस पर विद्युत विभाग के अधिकारियों को सूचित कर अवैध बिजली कनेक्शन जब्त करने की कार्रवाई की गई।

इसके साथ ही अवैध परिवहन में उपयोग किए जा रहे ट्रैक्टर को भी जब्त कर पुलिस थाना के सुपुर्द किया गया। जांच में यह भी जानकारी सामने आई कि हरदीबाजार निवासी राजेश जायसवाल द्वारा अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई कर जेसीबी एवं ट्रैक्टर के माध्यम से ईंट भट्ठों में आपूर्ति की जा रही थी। वहीं ईंट निर्माण में अवैध कोयले के उपयोग की भी पुष्टि हुई है, जिस पर थाना प्रभारी द्वारा विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध ईंट भट्ठों के संचालन से पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंच रही थी और नियमों का खुला उल्लंघन किया जा रहा था। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।