मधुमक्खियों का कहर: सीतामढ़ी मुख्य मार्ग पर झुंड ने किया हमला, अफरा-तफरी मच गई

कोरबा। शहर के व्यस्त सीतामढ़ी मुख्य मार्ग पर आज सुबह करीब 11 से 11:30 बजे मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया,जिससे पूरे इलाके में अफरा- तफरी का माहौल बन गया। घटना चंडिका मंदिर के सामने हाट बाजार क्षेत्र में हुई, जहां एक पुराने पेड़ पर मधुमक्खियों ने बड़ा छत्ता बना रखा है।

सुबह के समय जब लोग अपने दैनिक कामकाज में व्यस्त थे और सड़क पर आवागमन जारी था, तभी मधुमक्खियां झुंड बनाकर हमलावर हो गईं। हमले से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे।

कई दुकानदारों ने तुरंत अपने शटर गिरा दिए, जबकि कुछ लोग सिर छिपाने के लिए सुरक्षित जगह की तलाश करते नजर आए। यह खतरनाक स्थिति करीब 15-20 मिनट तक बनी रही, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

गनीमत रही कि इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह छत्ता काफी ऊंचाई पर है और आम लोगों की पहुंच से दूर है, इसलिए इसे निकालना आसान नहीं।

उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि किसी विशेषज्ञ की मदद से इस छत्ते को जल्द से जल्द हटवाया जाए, ताकि जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

ऐसी घटनाएं पहले भी कोरबा क्षेत्र में हो चुकी हैं, जहां मधुमक्खियों के छत्तों से लोगों को खतरा बना रहता है।

प्रशासन से अपेक्षा है कि इस मामले में त्वरित कार्रवाई की जाए।