कोरबा। छत्तीसगढ़ प्रदेश में बढ़ते कथित धर्मांतरण के मामलों के विरोध में सर्व समाज द्वारा 24 दिसंबर को पूरे प्रदेश में बंद का आह्वान किया गया है। इस प्रदेशव्यापी बंद को सफल बनाने में कोरबा जिले से व्यापारिक संगठनों और विभिन्न समाजों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, कोरबा ने सर्व समाज के इस आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है।
चेंबर पदाधिकारियों की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय
बंद के समर्थन और रणनीति को लेकर कोरबा में चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चेंबर अध्यक्ष योगेश जैन और संतोष अग्रवाल सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि कोरबा जिले का पूरा व्यापारिक वर्ग इस सामाजिक आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाएगा। पदाधिकारियों ने कहा कि धर्मांतरण सिर्फ धार्मिक मुद्दा नहीं, बल्कि समाज की संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक संतुलन से जुड़ा गंभीर विषय है, जिसमें सभी वर्गों की एकजुटता जरूरी है।
व्यापारियों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील
चेंबर अध्यक्ष योगेश जैन और संतोष अग्रवाल ने जिले के सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे 24 दिसंबर को सुबह से शाम तक स्वेच्छा से अपने व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रखें।
उन्होंने कहा कि व्यापारिक संगठनों की एकता से समाज को मजबूत संदेश जाएगा। संयुक्त बयान में दोनों अध्यक्षों ने कहा, “यह किसी एक संगठन का आंदोलन नहीं, बल्कि समाज के अस्तित्व और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा का मुद्दा है। कोरबा का व्यापारी वर्ग सर्व समाज के साथ पूरी दृढ़ता से खड़ा है।”
सामाजिक संगठनों का भी खुला समर्थन
प्रदेशव्यापी बंद को विभिन्न सामाजिक संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है। कोरबा में सिंधी समाज ने बंद का पूर्ण समर्थन घोषित करते हुए अपने सभी सदस्यों से सहयोग की अपील की है। सिंधी समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि वे धर्मांतरण के विरोध में सर्व समाज के साथ पूरी तरह एकजुट हैं और बंद को सफल बनाने में पूरा योगदान देंगे।
शांतिपूर्ण बंद की अपील
सभी संगठनों ने आम नागरिकों से अपील की है कि बंद के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखें। बंद पूर्णतः शांतिपूर्ण रहेगा और इसका मुख्य उद्देश्य समाज की आवाज को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

