पोड़ी-उपरोड़ा जनपद के पूर्व उपाध्यक्ष और ठेकेदार पर धारदार हथियारों से हमला; आईजी बोले- जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी
कोरबा। जिले में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को हिला कर रख दिया। भाजपा के वरिष्ठ नेता, पोड़ी-उपरोड़ा जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष एवं वर्तमान सदस्य तथा ठेकेदार अक्षय गर्ग की दिनदहाड़े निर्मम हत्या कर दी गई। हमलावर एक काले रंग की कार से आए तीन नकाबपोश बदमाश थे, जिन्होंने धारदार हथियारों (कुल्हाड़ी और चाकू) से ताबड़तोड़ वार कर घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए।
घटना ग्राम केसलपुर (कटघोरा थाना क्षेत्र) की है, जहां प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) के तहत सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे अक्षय गर्ग।
सुबह करीब 9-10 बजे के बीच कार से उतरे हमलावरों ने बिना कुछ बोले उन पर हमला बोल दिया। मौके पर मौजूद मजदूर और ग्रामीणों के सामने यह वारदात हुई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल अक्षय गर्ग को तुरंत कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते-पहुंचते उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हत्या की खबर आग की तरह फैलते ही कटघोरा में आक्रोश भड़क उठा। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने स्वत: स्फूर्त रूप से बाजार बंद कर दिया और सड़कों पर जुटकर विरोध जताया। लोगों में कानून-व्यवस्था को लेकर गुस्सा है और पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं कि जिले में दिनदहाड़े ऐसी वारदात कैसे हो रही है?
घटना की सूचना मिलते ही कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी और बिलासपुर रेंज आईजी डॉ. संजीव शुक्ला मौके पर पहुंचे। आईजी ने घटनास्थल का जायजा लिया और मीडिया से कहा कि अभी हत्या का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, लेकिन पुलिस की टीमें गठित कर ली गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जिले में नाकाबंदी की गई है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे और सजा मिलेगी।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे ठेका व्यवसायिक प्रतिद्वंद्विता की आशंका जताई जा रही है, हालांकि राजनीतिक कारणों से भी इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
इस हत्याकांड ने न केवल भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ा दी है, बल्कि आम जनता में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

