करतला रेंज में दंतैल हाथी की दहशत, वन विभाग अलर्ट; चंदनपुर में हाथी आने की खबर निकली अफवाह

कोरबा। वनमंडल कोरबा के करतला रेंज में पहुंचे दंतैल हाथी पर वन विभाग द्वारा लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

दंतैल हाथी बड़मार क्षेत्र से आगे बढ़ते हुए पीडि़या क्षेत्र तक पहुंच गया है। इसी दौरान रामपुर क्षेत्र में मेला आयोजित होने के कारण लोगों की सुरक्षा को लेकर खतरे की आशंका बनी हुई थी, जिसे देखते हुए वन विभाग पूरी तरह सतर्क रहा।

वन विभाग की टीम ने रातभर दंतैल हाथी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।

वर्तमान में दंतैल हाथी क्षेत्र के जंगल में विचरण कर रहा है।

संभावित खतरे को देखते हुए वन विभाग द्वारा मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है और लोगों से अपील की जा रही है कि वे हाथी की मौजूदगी वाले जंगल की ओर न जाएं।

इधर वनमंडल कटघोरा के चंदनपुर–खुटरीगढ़ क्षेत्र में अर्धरात्रि हाथी के आने की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों द्वारा दो हाथी देखे जाने की खबर तत्काल वन विभाग के डीएफओ कुमार निशांत को दी गई। सूचना मिलते ही डीएफओ के निर्देश पर विभागीय टीम मौके पर पहुंची और जांच की।

वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर स्पष्ट किया कि चंदनपुर–खुटरीगढ़ क्षेत्र में हाथियों की कोई मौजूदगी नहीं है।

अधिकारियों के अनुसार फिलहाल जटग़ा रेंज में 41 हाथियों का दल मौजूद है, जिन पर विभाग लगातार नजर बनाए हुए है।

वन विभाग ने चंदनपुर–खुटरीगढ़ क्षेत्र में हाथी आने की खबर को अफवाह बताते हुए ग्रामीणों से संयम बरतने और किसी भी सूचना की पुष्टि विभाग से करने की अपील की है। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर मुनादी कराकर लोगों को सुरक्षित रहने के निर्देश दिए जा रहे हैं।