रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया ने धान उपार्जन केंद्रों का किया औचक निरीक्षण: 41 किलो तक धान तौला जा रहा, मजदूरों को मात्र 200 रुपये दिहाड़ी, तिरपाल की कमी से किसानों को भारी नुकसान

कोरबा। रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया ने आज जिले के विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भैसमा, तिलकेजा, तुमान, चिकनी पाली और लबेद रामभाठा केंद्रों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। समितियों द्वारा मानक 40 किलो प्रति बोरी के स्थान पर 40.8 किलो, 40.9 किलो और यहां तक कि 41 किलो तक धान का वजन लिया जा रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है।

इसके साथ ही, केंद्रों में कार्यरत हमालों (मजदूरों) को प्रतिदिन केवल 200 रुपये मजदूरी दी जा रही है, जो अत्यंत कम है और मजदूरों में व्यापक असंतोष पैदा कर रहा है।

सबसे गंभीर समस्या  तिरपाल की कमी की है। समितियों के पास पर्याप्त तिरपाल नहीं होने से धान को जमीन पर रखना पड़ रहा है, जिससे नमी और गिरने के कारण धान खराब हो रहा है और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

विधायक फूल सिंह राठिया ने इन समस्याओं से तत्काल कलेक्टर कोरबा को फोन के माध्यम से अवगत कराया और शीघ्र निराकरण की मांग की।

निरीक्षण के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष मनोज चौहान,जनपद सदस्य पताढ़ी अनिल खूंटे,विधायक प्रतिनिधि प्रवीण ओगरे, इब्राहिम फारुकी, प्रमोद श्रीवास, अनुप चन्द्रा और बिसाहू पटेल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से इन अनियमितताओं पर त्वरित कार्रवाई की अपील की है।

धान उपार्जन प्रक्रिया में ये खामियां किसानों और मजदूरों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही हैं, जिस पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया है।