भावसर फाउंडेशन और CSIDC के सहयोग से कोरबा में MSME विकास हेतु संवेदीकरण कार्यशाला संपन्न

कोरबा।रेजिंग एंड एक्सीलरेटिंग MSME परफॉर्मेंस (RAMP) योजना के तहत कोरबा के एम.पी. नगर में सोमवार को जिला स्तरीय संवेदीकरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भावसर फाउंडेशन द्वारा छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (CSIDC) के सहयोग से आयोजित किया गया था, जिसका मुख्य उद्देश्य MSME क्षेत्र के उद्यमियों को योजना के लाभों की जानकारी प्रदान करना और जमीनी स्तर पर उनके विकास को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम में भावसर फाउंडेशन के डोर्मेंद्र वर्मा और संजय पाल सहित विशेषज्ञों ने मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया।

उन्होंने RAMP योजना के उद्देश्य एवं लाभ, उद्यमिता विकास के अवसर, वित्तीय सहायता एवं क्रेडिट लिंकिंग प्रक्रिया, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, बाजार पहुंच, कौशल विकास, प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा विभिन्न सरकारी अनुदान योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

इंटरएक्टिव सत्र में प्रतिभागियों ने ऋण प्रक्रिया, विपणन चुनौतियों, प्रशिक्षण सहयोग और जिला स्तर पर योजना के क्रियान्वयन से संबंधित सवाल उठाए, जिनका विशेषज्ञों ने संतोषजनक जवाब दिया। अधिकारियों ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए उद्यमियों को आगामी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।

प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सरकारी तंत्र और स्थानीय उद्यमियों के बीच संवाद को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।