कोरबा।जिले में अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के छात्रों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। राज्य शासन द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना (कक्षा 12वीं के बाद की पढ़ाई) के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा के अनुसार, शिक्षा सत्र 2025-26 के लिए छात्रों द्वारा नवीन या नवीनीकरण आवेदन (ऑनलाइन पंजीकरण) की अंतिम तिथि अब 15 जनवरी 2026 तक कर दी गई है।
आवेदन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति पोर्टल http:// postmatric-scholarship.cg.nic.in पर किए जा सकते हैं।
महत्वपूर्ण तिथियां इस प्रकार हैं:
छात्रों द्वारा ऑनलाइन आवेदन/पंजीकरण: 15 जनवरी 2026 तक
संस्थाओं द्वारा प्रपोजल लॉक कर सहायक आयुक्त को भेजना: 05 फरवरी 2026 तक
शासकीय संस्था/जिला कार्यालय द्वारा सैंक्शन ऑर्डर लॉक करना: 08 फरवरी 2026 तक
जिला कार्यालय द्वारा भुगतान के लिए राज्य कार्यालय को प्रेषित करना: 10 फरवरी 2026 तक
छात्रवृत्ति भुगतान की अंतिम तिथि: 15 फरवरी 2026 तक
अधिकारी ने चेतावनी दी है कि निर्धारित तिथि के बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा। यदि कोई छात्र समय पर आवेदन नहीं करता और छात्रवृत्ति से वंचित रह जाता है, तो इसके लिए संबंधित संस्था के प्रमुख जिम्मेदार होंगे।
छात्रों को सलाह दी गई है कि आवेदन करते समय सक्रिय बचत खाता और आधार से लिंक (सीडेड) बैंक खाता नंबर जरूर दर्ज करें, क्योंकि भुगतान पीएफएमएस (PFMS) के माध्यम से किया जाएगा।
साथ ही, एससी, एसटी और ओबीसी छात्रों के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) से वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) अनिवार्य है।
इसके अलावा, वर्ष 2025-26 में नई संस्थाओं के प्रमुख और छात्रवृत्ति प्रभारी का बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन कराना भी जरूरी होगा।
जिले के सभी शासकीय और अशासकीय कॉलेज, मेडिकल, इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक, नर्सिंग, आईटीआई और डाइट आदि संस्थानों के प्राचार्यों और छात्रों से समय पर कार्यवाही पूरी करने की अपील की गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















