बालको अस्पताल ने 757 बच्चों को पिलाई पल्स पोलियो की दवा, अभियान में निभाई अहम भूमिका

बालकोनगर। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने जिला स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। बालको अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक सिन्हा के नेतृत्व में 757 से अधिक बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक सफलतापूर्वक दी गई।

अभियान की शुरुआत बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार की उपस्थिति में अस्पताल परिसर से हुई। अस्पताल की चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ की टीमों ने पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाया।

टीकाकरण के लिए बालको अस्पताल सहित भदरापारा, कैलाश नगर, परसाभाठा, चेकपोस्ट, सतनाम नगर, दैहानपारा, बालको बस स्टैंड, बेलगिरी बस्ती, सेक्टर-3 दुर्गापूजा पंडाल तथा सेक्टर-4 गैस एजेंसी जैसे 10 से अधिक प्रमुख स्थानों पर अस्थायी शिविर लगाए गए। साथ ही चलित मोबाइल वैन के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चों को दवा पिलाई गई।

अभियान के दौरान बस स्टैंड और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विशेष शिविर आयोजित किए गए, ताकि यात्रा कर रहे परिवारों के बच्चों को भी टीकाकरण का लाभ मिल सके।

स्वास्थ्य कर्मियों ने अभिभावकों को पोलियो उन्मूलन के महत्व के बारे में जागरूक भी किया। आगामी दो दिनों में ‘डोर टू डोर’ अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे।

बालको अस्पताल कंपनी के कर्मचारियों, उनके परिवारों, ठेका श्रमिकों तथा स्थानीय नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता रहा है। अस्पताल में 10 आईसीयू एवं 6 पीडियाट्रिक आईसीयू बेड उपलब्ध हैं, जहां गंभीर मरीजों का एमडी मेडिसिन विशेषज्ञों की देखरेख में इलाज होता है।

हर वर्ष कोरबा, रायगढ़, बिलासपुर एवं जांजगीर-चांपा जिलों से लाखों मरीजों को लाभ पहुंचाने वाला बालको अस्पताल सभी राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू कर सामुदायिक स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शा रहा है।