बांकीमोंगरा नगर पालिका पार्षद पर पुराने आरोप फिर सुर्खियों में; पार्टी छवि पर सवाल, पुलिस में शिकायत दर्ज
कोरबा। पश्चिमांचल कोयलांचल क्षेत्र के युवा भाजपा नेता और बांकीमोंगरा नगर पालिका के पार्षद दिलीप दास एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर उनकी एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें वे एक महिला के साथ नजदीकी पोज में नजर आ रहे हैं। यह महिला उनकी पत्नी नहीं बताई जा रही है। तस्वीर वायरल होने के बाद क्षेत्र में खलबली मच गई है और भाजपा की उस छवि पर सवाल उठ रहे हैं, जो चाल, चरित्र और चेहरा को सर्वोपरि मानती है।
सूत्रों के अनुसार, वायरल तस्वीर में दिख रही महिला वही हैं, जिनके खिलाफ पहले परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि महिला दिलीप दास के प्रभाव में आकर घर का सामान, जेवरात और पैसे उन्हें सौंप चुकी हैं।


उस समय दिलीप दास ने इन आरोपों को निराधार बताया था। महिला भी सामने आई और दिलीप को बेकसूर बताते हुए किसी संबंध से इनकार किया था। लेकिन अब कई महीनों बाद वायरल हो रही यह तस्वीर पुरानी बातों को फिर से जीवंत कर रही है और कुछ अलग ही कहानी बयां करती नजर आ रही है।
क्षेत्र के भाजपा नेताओं में भी इस मामले को लेकर बेचैनी है।
कई सुलझे हुए कार्यकर्ता दबी जुबान में कह रहे हैं कि संगठन को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए। भले यह दिलीप दास का निजी मामला हो, लेकिन सार्वजनिक जीवन में ऐसे मामले सामने आने से पार्टी की छवि पर असर पड़ता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी से इस बारे में संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन उपलब्ध नहीं हो सका।
दिलीप दास का पक्ष: मामले पर दिलीप दास ने स्पष्ट किया कि कोई शरारती तत्व उनकी फेक आईडी बनाकर यह तस्वीर वायरल कर रहा है। उन्होंने इसे अपनी छवि खराब करने की साजिश बताया और जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराने की बात कही। फेक आईडी बनाने वाले की जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
यह मामला क्षेत्रीय राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है और आगे की जांच पर सबकी नजरें टिकी हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

