कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ

कोरबा । जिले में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री तथा कैबिनेट मंत्री  लखनलाल देवांगन एवं नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत के मुख्य आतिथ्य में किया गया।

रानी धनराज कुंवर शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोरबा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने नन्हें बच्चों को पल्स पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की।

इस अवसर पर प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सी.के. सिंह, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कुमार पुष्पेश, जिला कार्यक्रम प्रबंधक पद्माकर शिंदे, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक राज, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. यामिनी बोर्डे एवं डॉ. अन्नपूर्णा बोर्डे सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिले के समस्त विकासखंडों में भी जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया।

कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने अभियान के प्रथम चरण के शुभारंभ पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए आमजन एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं और 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को अनिवार्य रूप से पल्स पोलियो की दो बूंद पिलाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जिले में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सुदृढ़ कार्ययोजना तैयार की गई है।

अभियान के अंतर्गत जिले में कुल 1578 टीकाकरण बूथ स्थापित किए गए हैं। साथ ही प्रत्येक पारा-मोहल्ला, चौक-चौराहा, बाजार एवं हाट में भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की व्यवस्था की गई है। अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए सुपरवाइजरों की तैनाती भी की गई है।

पल्स पोलियो अभियान के प्रथम दिवस जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लक्षित 1,72,423 बच्चों में से 1,69,355 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई, जिससे जिले ने 98.22 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की। शेष छूटे हुए बच्चों को 22 एवं 23 दिसंबर को गृह भ्रमण के माध्यम से पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।