राजनांदगांव। जिले के चिचोला चौकी क्षेत्र अंतर्गत महाराजपुर स्थित श्री जय गुरुदेव राइस मिल में शनिवार शाम एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। राइस मिल परिसर में बनी करीब 75 क्विंटल वजनी चिमनी अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ी, जिससे मिल में काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के समय चिमनी के आसपास 25 से 30 मजदूर काम कर रहे थे। शाम करीब 4:30 बजे हुई इस घटना में मोतीपुर निवासी मुकेश कुमार कंवर की मौके पर ही मौत हो गई। चिमनी का भारी मलबा उस पर गिरने से उसे संभलने तक का मौका नहीं मिला।
इस हादसे में गजानंद और रमेश कुमार कंवर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रमेश कंवर का शरीर चिमनी के मलबे और हजारों क्विंटल चावल के नीचे दब गया था। रेस्क्यू के दौरान उसका ऊपरी हिस्सा किसी तरह बाहर निकाला गया, जबकि पैर लंबे समय तक मलबे और चावल के नीचे फंसा रहा। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल राजनांदगांव रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही चिचोला पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















