जिला न्यायालय परिसर से अधिवक्ता की बाइक पार

कोरबा। कोरबा में चोरी की घटनाओं के बीच अब जिला न्यायालय परिसर में खड़ी अधिवक्ता की मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर ने सीजेएम कोर्ट के पीछे खड़ी प्लेटिना बाइक को पार कर दिया।

मोटरसाइकिल की डिक्की में वाहन के मूल कागजात और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। पीड़ित अधिवक्ता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया है।

दोपहर में खड़ी की बाइक, शाम को मिली गायब
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम देवरमाल, उरगा निवासी 60 वर्षीय तीरथ राम सोनवानी जिला न्यायालय कोरबा में अधिवक्ता हैं। उन्होंने 8 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे अपनी प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG10 BF 8203 को जिला न्यायालय परिसर में सीजेएम कोर्ट के पीछे खड़ा किया था।

शाम करीब 5 बजे जब वे वापस लौटे, तो बाइक निर्धारित स्थान से गायब थी। आसपास तलाश करने के बाद भी मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं मिला। अज्ञात चोर उनकी करीब 25 हजार रुपये कीमत की बाइक लेकर फरार हो गया।

बाइक के साथ हेलमेट और जरूरी कागजात भी गायब
चोरी हुई मोटरसाइकिल में हेलमेट रखा हुआ था, जबकि डिक्की में वाहन के मूल दस्तावेज और अन्य कागजात मौजूद थे। ऐसे में बाइक के साथ जरूरी दस्तावेज भी चोरी हो गए हैं।

घटना के बाद अधिवक्ता तीरथ राम सोनवानी ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जिला न्यायालय जैसे महत्वपूर्ण परिसर में खड़ी मोटरसाइकिल चोरी होने की घटना ने वाहन सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं।