कोरबा। जंगल में वन्यजीवों के शिकार के लिए बिछाया गया करंट का जाल एक वयस्क भालू की जान ले गया। कटघोरा वनमंडल के केंदई रेंज अंतर्गत छिंदिया गांव के जंगल में करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से भालू की मौत हो गई। मामले में वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए तीन ग्रामीणों को हिरासत में लिया है, जबकि दो अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार घटना केंदई वन परिक्षेत्र के छिंदिया गांव स्थित जंगल के कक्ष क्रमांक ओए-686 की है। बताया जा रहा है कि कुछ ग्रामीणों ने जंगली जानवरों का शिकार करने के उद्देश्य से जंगल में करंट प्रवाहित तार बिछाया था। इसी दौरान जंगल में विचरण कर रहा एक वयस्क भालू तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मुखबिर के माध्यम से वन विभाग के अधिकारियों को मिली। इसके बाद डीएफओ जितेंद्र उपाध्याय ने केंदई वन परिक्षेत्राधिकारी अभिषेक कुमार दुबे के नेतृत्व में टीम को मौके पर भेजा। वन अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में कुछ ग्रामीणों की संलिप्तता सामने आने पर तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, दो अन्य संदिग्धों के फरार होने की जानकारी है। उनकी तलाश की जा रही है।
शव जलाने की भी कोशिश की आशंका
मामले में यह अपुष्ट जानकारी भी सामने आई है कि घटना के बाद भालू के शव को जलाने की कोशिश की गई थी। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वन विभाग की टीम ने भालू का शव बरामद कर आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना ने एक बार फिर जंगलों में अवैध रूप से करंट के तार बिछाकर वन्यजीवों के शिकार की गंभीर समस्या को उजागर किया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
