रंगों और कलात्मक चित्रकारी से संवर रही रेलिंग, शहर के सौंदर्यीकरण में जुड़ेगा नया आकर्षण
कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा की सड़कों को आकर्षक स्वरूप देने की दिशा में एक नई पहल नजर आ रही है। पावर हाउस रोड के मध्य डिवाइडर पर लगी लोहे की रेलिंग अब 3D पेंटिंग से सजाई जा रही है। रंगों और कलात्मक डिजाइनों के जरिए रेलिंग को ऐसा नया रूप दिया जा रहा है कि सड़क से गुजरने वालों की नजरें भी इस पर ठहरेंगी।
शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल पावर हाउस रोड पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है। अब तक डिवाइडर की रेलिंग सामान्य स्वरूप में नजर आती थी, लेकिन आकर्षक रंगों और 3D कलाकृतियों से इसे नया रूप देने का काम किया जा रहा है। कलाकार रेलिंग पर ऐसी चित्रकारी कर रहे हैं, जिससे आकृतियां उभरी हुई और त्रिआयामी नजर आएंगी।
आमतौर पर शहर के सौंदर्यीकरण के लिए चौक-चौराहों, उद्यानों और प्रमुख स्थलों को सजाया जाता है, लेकिन सड़क के डिवाइडर की रेलिंग को कलात्मक रूप देना एक अलग पहल है। इससे न केवल सड़क का दृश्य बदलेगा, बल्कि पूरे मार्ग की खूबसूरती में भी इजाफा होगा। खास बात यह है कि इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को यह कलाकारी सहज ही आकर्षित करेगी।
औद्योगिक पहचान वाले कोरबा को अब सुंदर और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने के लिए सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण भी महत्वपूर्ण है। इस तरह की रचनात्मक पहल शहर की तस्वीर बदलने के साथ नागरिकों में अपने शहर के प्रति जुड़ाव की भावना भी बढ़ाती है।
यदि शहर के अन्य प्रमुख मार्गों के डिवाइडर, पुल-पुलियों और चौक-चौराहों को भी इसी तरह कलात्मक स्वरूप दिया जाए तो कोरबा की सुंदरता को और निखारा जा सकता है।
फिलहाल पावर हाउस रोड की रेलिंग पर उकेरी जा रही 3D पेंटिंग शहर के सौंदर्यीकरण में एक नया आकर्षण जोड़ने जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
