प्यारेलाल आदिले को मिला ‘कलमकार साहित्यमणि सम्मान

कोरबा-कटघोरा। साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए जय बूढ़ादेव कला एवं विज्ञान महाविद्यालय कटघोरा के प्राचार्य प्रोफेसर प्यारेलाल आदिले को ‘कलमकार साहित्यमणि सम्मान’ से सम्मानित किया गया। बिलासपुर स्थित कानन पेंडारी जूलॉजिकल पार्क में छत्तीसगढ़ कलमकार मंच, मस्तूरी के तत्वावधान में आयोजित पुस्तक विमोचन एवं काव्य गोष्ठी समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में कलमकार मंच के तत्वावधान में प्रकाशित राष्ट्रीय साझा संकलन ‘सरित् प्रवाह’ का विमोचन भी किया गया। डॉ. किशन टण्डन क्रान्ति द्वारा संपादित और सुरजीत द्वारा संकलित इस पुस्तक में 58 कलमकारों के जीवन परिचय और उनकी श्रेष्ठ रचनाओं को शामिल किया गया है।

समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार एवं सेवानिवृत्त डिप्टी कलेक्टर विजय कुमार कोशले थे। अध्यक्षता डॉ. किशन टण्डन क्रान्ति, संयुक्त संचालक ने की। बुंदराम जांगड़े, डॉ. मनोज कुमार प्रधान और व्याख्याता पुरुषोत्तम कुमार आदिले विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से आए साहित्यकारों, रचनाकारों और साहित्यप्रेमियों ने सहभागिता की। इनमें केशव बारिया प्रदीप, नवीन कुमार कुर्रे, मोहन दास सत्ऋषु, राजेन्द्र कश्यप, लेखक सुरजीत, बुंदराम जांगड़े, कार्तिक पुराण घृतलहरे, देवीदास, प्रेमदास प्रेम, ललिता नेताम, नूतन साहू, योगिता जगत और रेशमी नेताम सहित बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमी एवं बाल-वृन्द उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन जुगेश बंजारे धीरज ने किया। अंत में सचिव नवीन कुमार कुर्रे ने आभार व्यक्त किया।