ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलनआयोजित, 12 जिलों के परिवारों ने लिया हिस्सा

कोरबा। विवाह योग्य युवक-युवतियों को एक-दूसरे से परिचित कराने और परिवारों के बीच वैवाहिक संबंधों की संभावनाएं तलाशने के उद्देश्य से परशुराम ब्राह्मण समाज, कोरबा द्वारा पहली बार ब्राह्मण युवक-युवती परिचय सम्मेलन 2026 का आयोजन किया गया। सम्मेलन में करीब 500 लोगों ने सहभागिता की। छत्तीसगढ़ के 12 जिलों के ब्राह्मण परिवारों के साथ भोपाल से भी एक परिवार शामिल हुआ। आयोजन में युवक-युवतियों ने अपना वैवाहिक परिचय दिया और परिवारों को आपसी संवाद का अवसर मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम जी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथि रायपुर के पूर्व महापौर प्रमोद दुबे, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला पंचायत अध्यक्ष सारंगढ़ संजय कुमार पांडेय तथा विशिष्ट अतिथि देवेंद्र कुमार पांडेय, बी.के. शुक्ला, हरीश परसाई, मनोज शर्मा, राजेंद्र पाण्डेय और वेद भूषण द्विवेदी ने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का उद्घाटन किया।

मुख्य अतिथि प्रमोद दुबे ने कहा कि पहली बार आयोजित इस तरह के सम्मेलन से बड़ी संख्या में ब्राह्मण परिवारों को लाभ मिलेगा। समाज की उन्नति के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने समाज के सभी लोगों से सामाजिक गतिविधियों में तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संजय कुमार पांडेय ने कहा कि ब्राह्मण समाज की पहचान आपसी एकजुटता और सहयोग की भावना से है। समाज के सभी लोगों को मिलकर ऐसे आयोजनों को आगे बढ़ाना चाहिए। परिचय सम्मेलन पूरे समाज के लिए एक सराहनीय पहल है।

योग्य जीवनसाथी के चयन के लिए सार्थक पहल
विशिष्ट अतिथि देवेंद्र कुमार पांडेय, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण विकास बैंक ने कहा कि परिचय सम्मेलन युवक-युवतियों को एक-दूसरे को समझने, परिवारों के बीच संवाद स्थापित करने और योग्य जीवनसाथी के चयन का सार्थक मंच प्रदान करता है।

परशुराम ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष बी.के. शुक्ला ने कहा कि यह आयोजन सामाजिक एकजुटता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजनों से समाज के परिवारों के बीच संपर्क और सहयोग बढ़ता है।

आयोजन परशुराम ब्राह्मण समाज, कोरबा के तत्वावधान में संपन्न हुआ।