राशन से चना-चीनी गायब,भाकपा ने सौंपा ज्ञापन

कोरबा। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीब परिवारों को मिलने वाला चना और चीनी लंबे समय से नहीं मिलने का मुद्दा अब तूल पकड़ने लगा है। वितरण व्यवस्था बहाल करने की मांग को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। पार्टी ने खाद्य सामग्री की आपूर्ति जल्द शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

भाकपा के जिला सचिव पवन कुमार वर्मा, श्याम बिहारी बनाफर, एनके दास, रामू केवट और नरेंद्र दास ने ज्ञापन में बताया कि अगस्त से नवंबर 2025 तक चार महीने का चना हितग्राहियों को वितरित नहीं किया गया। इसके बाद जुलाई 2026 से चने का वितरण पूरी तरह बंद होने और सितंबर 2026 से चीनी की आपूर्ति भी रोक दिए जाने का आरोप लगाया गया है।

कई बार पत्र लिखने के बाद भी समाधान नहीं
पार्टी ने इसे गरीब परिवारों के खाद्य अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के उल्लंघन का आरोप लगाया है। ज्ञापन के अनुसार, इस समस्या को लेकर 30 जनवरी, 21 मई, 22 सितंबर और 23 अक्टूबर 2026 को शासन को पत्र लिखकर ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ।

ई-पॉश और सर्वर की समस्या से भी परेशानी
भाकपा ने जिले की उचित मूल्य दुकानों में ई-पॉश मशीन और सर्वर की समस्या का मुद्दा भी उठाया। पार्टी का कहना है कि तकनीकी दिक्कतों के कारण हितग्राहियों को समय पर राशन नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन के माध्यम से चना और चीनी का वितरण तत्काल बहाल करने तथा राशन वितरण व्यवस्था की तकनीकी समस्याओं को दूर करने की मांग की गई है। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में पार्टी ने आंदोलन करने की चेतावनी दी है।