पट्टा सर्वे की सूची पर विवाद, गरीबों की जगह नौकरीपेशा और जनप्रतिनिधियों के नाम होने का आरोप

वार्ड-1 के रहवासियों ने जनदर्शन में दर्ज कराई आपत्ति, दोबारा सर्वे और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग

कोरबा। नगर निगम के वार्ड क्रमांक-1 में शासकीय पट्टा के लिए किए गए सर्वे की सूची को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वार्डवासियों ने आरोप लगाया है कि सर्वे में पात्र गरीब परिवारों को नजरअंदाज कर नौकरीपेशा लोगों और जनप्रतिनिधियों के नाम शामिल किए गए हैं। सूची तैयार करने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए रहवासियों ने पुनः सर्वे कराने और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में बड़ी संख्या में वार्डवासी कलेक्टर जनदर्शन पहुंचे और अपनी दावा-आपत्ति दर्ज कराई।

नगर निगम एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा वार्ड में शासकीय पट्टा के लिए सर्वे कर पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार की गई है। सूची पर 27 नवंबर तक दावा-आपत्ति मांगी गई है। वार्डवासियों का कहना है कि सूची में ऐसे लोगों के नाम भी शामिल हैं, जो नौकरीपेशा हैं या जनप्रतिनिधि हैं, जबकि लंबे समय से वहां निवासरत गरीब परिवारों के नाम सूची में नहीं हैं।

जनप्रतिनिधि के घर बैठकर सूची बनाने का आरोप
रहवासियों ने आरोप लगाया कि सर्वे के दौरान निष्पक्ष प्रक्रिया अपनाने के बजाय एक जनप्रतिनिधि के घर बैठकर सूची तैयार की गई। इससे सर्वे की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं। वार्डवासियों ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कराने और वास्तविक पात्र परिवारों को सूची में शामिल करने की मांग की है।

40-50 साल से रह रहे परिवारों को पट्टे की गुहार
वार्डवासियों का कहना है कि क्षेत्र में कई गरीब परिवार 40 से 50 वर्षों से निवास कर रहे हैं, लेकिन सर्वे सूची में उनके नाम शामिल नहीं किए गए। वहीं, कथित तौर पर नौकरीपेशा और जनप्रतिनिधियों के नाम सूची में होने पर उन्होंने आपत्ति जताई है।

रहवासियों ने सर्वे प्रक्रिया की जांच, पुनः सर्वे तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारी-कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही लंबे समय से निवासरत गरीब परिवारों को नियमानुसार शासकीय पट्टा प्रदान करने की गुहार लगाई है।