पालिका अध्यक्ष के निरीक्षण के बाद मोंगरा स्वास्थ्य केंद्र को मिले दो डॉक्टर

कोरबा।स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की कमी और अव्यवस्थाओं को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष के निरीक्षण व पहल के बाद स्वास्थ्य विभाग ने दो चिकित्सकों की सेवाएं निर्धारित कर दी हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने आदेश जारी कर बांकीमोंगरा (मोंगरा) स्वास्थ्य केंद्र में तय दिवसों पर चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इससे क्षेत्र के मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।

विगत दिनों नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने पार्षदों, पीआईसी सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ वार्ड क्रमांक 03 स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोंगरा का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों को उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया, जिसमें चिकित्सकों की कमी समेत कई अव्यवस्थाएं सामने आईं। इन समस्याओं को लेकर अध्यक्ष ने सीएमएचओ डॉ. सूर्य नारायण केशरी से दूरभाष पर चर्चा कर डॉक्टरों की उपलब्धता, रात्रिकालीन शिफ्ट में स्टाफ, वार्ड बॉय और सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की थी।

अध्यक्ष की पहल के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, जिला कोरबा ने 22 नवंबर 2026 को आदेश क्रमांक 907 जारी किया है। आदेश के तहत शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांकीमोंगरा (मोंगरा) में दो चिकित्सा अधिकारियों की सेवाएं निर्धारित की गई हैं।

जारी आदेश के अनुसार डॉ. जॉन कुजूर, चिकित्सा अधिकारी कटघोरा, प्रत्येक माह मंगलवार एवं 24 तारीख को तथा डॉ. अनिल कुमार क्षत्री, चिकित्सा अधिकारी कृष्णानगर, प्रत्येक माह शुक्रवार एवं 09 तारीख को बांकीमोंगरा स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित रहकर मरीजों को चिकित्सा सेवाएं देंगे। आगामी आदेश तक दोनों चिकित्सकों को निर्धारित दिवसों में सेवाएं देने के निर्देश दिए गए हैं।

डॉक्टरों की ड्यूटी तय, बाकी व्यवस्थाओं पर निगाह
दो चिकित्सकों की सेवाएं निर्धारित होने से बांकीमोंगरा क्षेत्र के मरीजों को स्वास्थ्य सुविधा मिलने में सहूलियत होने की उम्मीद है। लंबे समय से डॉक्टरों की उपलब्धता को लेकर उठ रही समस्या के बीच स्वास्थ्य विभाग का यह आदेश राहतकारी माना जा रहा है। हालांकि, स्वास्थ्य केंद्र में रात्रिकालीन स्टाफ, वार्ड बॉय और सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था अभी भी बाकी है।

स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि स्वास्थ्य विभाग इन समस्याओं पर भी जल्द कार्रवाई करेगा।

जनहित से जुड़े स्वास्थ्य सुविधाओं के मुद्दे पर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा की पहल के बाद जारी आदेश को क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है।