राताखार में घर में घुसा कबाड़ से भरा ट्रक,सोते परिवार की चीख- पुकार से मचा हड़कंप

बजरंग चौक में आधी रात हुआ हादसा, बाल-बाल बचा परिवार;कबाड़ लदा ट्रक जब्त,चालक फरार

कोरबा। शहर के राताखार स्थित बजरंग चौक में सोमवार रात कबाड़ से भरा एक अनियंत्रित ट्रक सीधे घर में जा घुसा। हादसे के वक्त परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। ट्रक की जोरदार टक्कर से उनकी नींद खुली तो दहशत में सभी घर से बाहर निकल आए। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, कबाड़ से लदा ट्रक बजरंग चौक मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे स्थित मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग भी आवाज सुनकर घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची।

ट्रक में 7 लाख का कबाड़, 208 क्विंटल माल जब्त
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक को मकान से बाहर निकलवाया। जांच के दौरान ट्रक में 208.6 क्विंटल कबाड़ लदा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कबाड़ कहां से लोड किया गया था और इसे किस स्थान पर ले जाया जा रहा था।

कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।फरार चालक की तलाश और कबाड़ के स्रोत की जांच की जा रही है।