नोनी जोहार 4.0 में कोरबा के रोवर्स-रेंजर्स ने किया छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व, 250 युवा वालंटियर्स हुए शामिल

कोरबा। यूनिसेफ एवं अलायंस फॉर बिहेवियर चेंज के संयुक्त तत्वावधान में रायपुर में आयोजित दो दिवसीय नोनी जोहार 4.0 कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व लगातार चौथे वर्ष कोरबा के रोवर्स और रेंजर्स की टीम ने किया। यह आयोजन 18 एवं 19 दिसंबर को संपन्न हुआ, जिसमें प्रदेशभर से लगभग 250 युवा वालंटियर्स शामिल हुए।

कोरबा से शामिल टीम में रोवर लीडर मनराखन अगरिया, सीनियर रोवर निखिल साहू, वाशु जायसवाल, पंकज जांगड़े, सीनियर रेंजर पलक पटेल एवं सुप्रिया साहू सम्मिलित रहीं।

वहीं रायपुर जिले से एएलटी गाइड कैप्टन लीना वर्मा तथा कांकेर से रोवर हर्ष कुमार डोंगरे ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के दौरान लैंगिक समानता, मानसिक स्वास्थ्य, सुनने–सीखने की प्रक्रिया और सामूहिक नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई। गेस्ट स्पीकर्स, एक्सपर्ट्स, आर्टिस्ट्स एवं मेंटर्स ने युवा वालंटियर्स के साथ समुदाय से जुड़े मुद्दों पर खुलकर संवाद किया।

महिला एवं बाल विकास विभाग के जॉइंट डायरेक्टर नंदलाल ने बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ के विज़न पर प्रकाश डालते हुए बाल विवाह रोकने में युवा वालंटियर्स की भूमिका को फ्रंटलाइन कैटलिस्ट के रूप में अहम बताया।

कार्यक्रम में मुंबई से आईं सेलिब्रिटी एक्टर स्मृति कालरा ने “रूप से आगे मन, शरीर और मैं” विषय पर संवाद किया।

उन्होंने इंटरैक्टिव गेम फैक्ट ऑर फ्रिक्शन के माध्यम से युवाओं से सोशल मीडिया के प्रभाव, सेलिब्रिटी कल्चर और रोजमर्रा की सोच पर खुली बातचीत की। उन्होंने कहा कि यह सत्र युवाओं के लिए एक सुरक्षित मंच प्रदान करता है, जहाँ वे पुरानी धारणाओं पर सवाल उठा सकते हैं और ऑनलाइन व ऑफलाइन वास्तविकता को समझ सकते हैं।

यूनिसेफ छत्तीसगढ़ के एसबीसी स्पेशलिस्ट अभिषेक सिंह ने बिहेवियर मैटर्स पर विचार साझा किए। वहीं चाइल्ड प्रोटेक्शन स्पेशलिस्ट चेतना देसाई ने यूथ फॉर चेंज, एक्टर आकाश सोनी ने आर्ट फॉर चेंज, कुशल अग्रवाल ने पढ़ाई संग खेल जरूरी और कॉर्पोरेट ट्रेनर विभिति दुग्गर ने उम्मीदों का खत विषय पर युवाओं से संवाद किया। इनके अलावा भी कई विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए।

नोनी जोहार 4.0 युवाओं को सकारात्मक सामाजिक बदलाव के लिए प्रेरित करने वाला एक प्रभावशाली मंच साबित हुआ।