कोरबा। शारदीय क्वार नवरात्रि पर्व के दौरान मां सर्वमंगला मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया है। कटघोरा अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 10 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक सर्वमंगला चौक से कनकी जाने वाले बाईपास मार्ग पर भारी वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा।
प्रशासन ने यह निर्णय मंदिर पहुंच मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया है। नवरात्रि के दौरान मां सर्वमंगला मंदिर में दर्शन के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए लिया निर्णय
एसडीएम के आदेश के मुताबिक, सर्वमंगला देवी मंदिर पहुंच मार्ग नवरात्रि के दौरान काफी व्यस्त रहता है। हजारों की संख्या में दर्शनार्थियों के मंदिर परिसर पहुंचने के कारण आसपास के मार्गों पर भी आवागमन बढ़ जाता है।
मंदिर के समीप भारी वाहनों के लिए बनाए गए बाईपास मार्ग का उपयोग भी श्रद्धालु आने-जाने के लिए करते हैं। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए नवरात्रि पर्व के दौरान इस मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है।
10 से 19 अक्टूबर तक लागू रहेगा प्रतिबंध
आदेश में उल्लेख किया गया है कि पूर्व वर्षों में भी नवरात्रि पर्व के दौरान इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रखी जाती रही है। इस वर्ष भी मंदिर प्रबंधन के आवेदन तथा तहसीलदार दर्री और थाना प्रभारी कुसमुंडा के प्रतिवेदनों के आधार पर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है।
इसके तहत सर्वमंगला चौक से कनकी जाने वाले बाईपास मार्ग पर 10 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक भारी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
प्रशासन ने भारी वाहनों के आवागमन के लिए बांकीमोंगरा और दीपका की ओर से होकर जाने वाले वैकल्पिक मार्ग को उपयुक्त बताया है। संबंधित वाहन चालकों से निर्धारित प्रतिबंध का पालन करने और वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपेक्षा की गई है।
नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
प्रशासन का उद्देश्य है कि मां सर्वमंगला मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















