नकली दवाइयों के शक में सरस्वती मेडिकल स्टोर पर FDA की छापेमारी, 50 लाख की दवाएं जब्त; संचालक नहीं दिखा सका वैध लाइसेंस

सारंगढ़-बिलाईगढ़। खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने जिला मुख्यालय सारंगढ़ में नकली दवाइयों की आशंका पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सरस्वती मेडिकल दुकान और उसके संचालक के निवास पर छापा मारा। इस दौरान लगभग 50 लाख रुपये मूल्य की दवाइयां जब्त की गईं।

जानकारी के अनुसार, छापामार कार्रवाई के समय मेडिकल स्टोर संचालक वैध औषधि लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।

जांच में एंटीबायोटिक दवाइयां और इंजेक्शन सहित कुल 14 प्रकार की दवाइयां बरामद हुईं, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया। जब्त की गई दवाइयों में मैक्सीमेड, सीवी 625, सेफक्सी प्लस, एलमॉक्स सीवी 625, महाजोन एसबी, पिरोक्सी इंजेक्शन और एविगेट 500 जैसे ब्रांड शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि तीन दवाइयों के नमूने संदेहास्पद होने के कारण प्रयोगशाला में गुणवत्ता और असलियत की जांच के लिए भेज दिए गए हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि यह कार्रवाई उस समय की गई जब जिले में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम आयोजित हो रहा था। कार्रवाई की सूचना मीडिया को देर रात प्राप्त हुई, जिसके बाद मीडिया टीम मौके पर पहुंची और घटनाक्रम का कवरेज किया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच जारी है।