जिंदल यूनिवर्सिटी की बीटेक छात्रा ने हॉस्टल में लगाई फांसी, सुसाइड नोट में पढ़ाई में कमजोर होने और परिवार पर बोझ की बात लिखी

रायगढ़। ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बीटेक सेकंड ईयर की 20 वर्षीय छात्रा प्रिंसी कुमारी ने हॉस्टल के अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

प्रिंसी मूल रूप से जमशेदपुर (झारखंड) की रहने वाली थी और पूंजीपथरा स्थित यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। यह मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।

घटना 20 दिसंबर की रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे प्रिंसी के परिजनों ने उसे कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं होने पर वे चिंतित हो गए। परिजनों ने हॉस्टल वार्डन को सूचना दी। वार्डन जब छात्रा के कमरे पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांककर देखा तो प्रिंसी फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली।

तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। पूंजीपथरा थाना प्रभारी की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे की तलाशी ली। कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें प्रिंसी ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए खुद को पढ़ाई में कमजोर बताया है। साथ ही परिवार पर आर्थिक बोझ पड़ने की बात लिखी है।

पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है। इस घटना से यूनिवर्सिटी कैंपस और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।