रेत और गिट्टी के अवैध कारोबार पर खनिज विभाग की कार्रवाई, अलग-अलग क्षेत्रों में दिन-रात छापेमारी
कोरबा। जिले में अवैध खनन और खनिजों के परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। खनिज विभाग की टीम ने तीन दिनों तक लगातार कार्रवाई करते हुए रेत और गिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लगे 21 वाहनों को जब्त किया है। इनमें ट्रैक्टर, टीपर और हाइवा शामिल हैं। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में की गई इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश और उप संचालक, खनि प्रशासन प्रमोद नायक के मार्गदर्शन में खनिज विभाग की टीम ने यह अभियान चलाया। अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए राताखार,सीतामढ़ी, बरमपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच की गई। टीम ने दिन और रात छापेमारी कर खनिजों के अवैध कारोबार में इस्तेमाल हो रहे वाहनों की धरपकड़ की।
रेत के अवैध परिवहन में ट्रैक्टरों की धरपकड़
खनिज विभाग की कार्रवाई के दौरान तरदा में दो ट्रैक्टर, हरदीबाजार में एक टीपर, बरमपुर में एक ट्रैक्टर, पाली में दो ट्रैक्टर, सुराकछार में एक ट्रैक्टर और उमरेली में एक ट्रैक्टर को रेत के अवैध परिवहन के मामले में पकड़ा गया। वहीं, कुदुरमाल और सोनपुरी में रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लगे आठ ट्रैक्टर जब्त किए गए।
इसके अलावा गिट्टी का अवैध परिवहन करते चार हाइवा और एक ट्रैक्टर को भी जब्त किया गया। इस तरह तीन दिनों में कुल 21 वाहनों पर कार्रवाई की गई। जब्त वाहनों को सर्वमंगला पुलिस चौकी, उरगा थाना, पाली थाना तथा खनिज जांच चौकी उरगा और हरदीबाजार की अभिरक्षा में रखा गया है।
राजस्व की हानि रोकने पर जोर
खनिज विभाग के अनुसार, अभियान का उद्देश्य जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। इससे प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के साथ शासन को होने वाली राजस्व हानि रोकने में भी मदद मिलेगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।
खनिजों के अवैध दोहन पर अंकुश लगाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















