मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में एड्स जागरूकता कार्यक्रम, रंगोली और चित्रकला में छात्राओं ने दिखाया हुनर

कोरबा।शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कोरबा में यूथ रेड क्रॉस सोसायटी एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में एड्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत व्याख्यान के साथ रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिताएं हुईं। इनके माध्यम से छात्राओं को एचआईवी संक्रमण, एड्स से बचाव, जांच और उपचार के प्रति जागरूक करने के साथ बीमारी से जुड़े सामाजिक भेदभाव को दूर करने का संदेश दिया गया।

एचआईवी संक्रमण और बचाव के उपायों पर दी जानकारी
कार्यक्रम में डॉ. चंद्रकला एवं डॉ. नेहा ने एड्स विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि एड्स एचआईवी नामक वायरस से होने वाले संक्रमण की उन्नत अवस्था से संबंधित है। उन्होंने एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों, समय पर जांच और उपचार के महत्व की जानकारी दी।

वक्ताओं ने कहा कि एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ इससे प्रभावित लोगों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाना भी जरूरी है। बीमारी को लेकर फैली भ्रांतियों और सामाजिक भेदभाव को दूर करने में सही जानकारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

प्राचार्य ने दिलाई जागरूकता की शपथ
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. पापिया चतुर्वेदी ने छात्राओं एवं उपस्थितजनों को एड्स जागरूकता की शपथ दिलाई।

उन्होंने जागरूकता के संदेश को समाज तक पहुंचाने और एचआईवी से जुड़े भेदभाव को दूर करने की दिशा में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

चित्रकला प्रतियोगिता में छाया सोनी प्रथम
आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में छाया सोनी ने प्रथम, कशिश साव ने द्वितीय और श्रेया कमलेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

वहीं, रंगोली प्रतियोगिता में छाया सोनी प्रथम, खिलेश्वरी नायक द्वितीय और आरती तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं ने अपनी कलात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम को आकर्षक स्वरूप दिया।

प्राध्यापकों और छात्राओं की रही सहभागिता
कार्यक्रम का संचालन रेड रिबन क्लब की प्रभारी श्रीमती वर्षा सिंह ने किया। अंत में यूथ रेड क्रॉस सोसायटी के प्रभारी प्रकाश कुमार साहू ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर श्रीमती संध्या पांडे, डॉ. विनोद कुमार साहू, डॉ. श्रेणी दिवाकर,श्रीमती अमिता सक्सेना,श्रीमती कल्याणी ध्रुव,श्रीमती मोनिका मिंज,डॉ.श्वेता पाठक,डॉ.उषा लहरे,डॉ. शिव कुमार द्विवेदी,डॉ.विनय मिश्रा,डॉ.मंदाकिनी चंद्रा,अभय राम महिलांगे,डॉ.आशुतोष उपाध्याय,टेकचंद खूंटे,नीति देवांगन,रूपा राठिया,प्रभा,एल.एन.साहू, रनराय सिदार और मोनिका राठौर सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।