240 टन डंपर और इलेक्ट्रिक शॉवेल का लिया जायजा, ऑपरेटरों से सुरक्षा फीचर्स की जानकारी ली
उत्पादन-उत्पादकता की समीक्षा कर भविष्य की कार्ययोजना पर अधिकारियों से की चर्चा
कोरबा। कोल इंडिया के चेयरमैन बी. साईराम ने शनिवार को साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की गेवरा परियोजना का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खदान के विभिन्न माइनिंग पैचों का निरीक्षण कर उत्पादन गतिविधियों का जायजा लिया। साथ ही विभागीय कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों से संवाद कर खदान में कामकाज, मशीनों के संचालन तथा सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं। उनके साथ कोयला सचिव, एसईसीएल के सीएमडी, निदेशक और चार क्षेत्रों के महाप्रबंधक भी मौजूद रहे।
मशीनों का निरीक्षण, ऑपरेटरों से सुरक्षा पर चर्चा
दौरे की शुरुआत में चेयरमैन बी. साईराम ने व्यू पॉइंट से गेवरा खदान का अवलोकन किया और माइन प्लान की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने विभागीय पैच का निरीक्षण किया। यहां पार्थ शॉवेल और 240 टन क्षमता वाले डंपर के ऑपरेटरों से बातचीत कर मशीनों के संचालन से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
चेयरमैन ने भारत के पहले टाटा हिताची के 21 क्यूबिक मीटर क्षमता वाले इलेक्ट्रिक शॉवेल पर चढ़कर ऑपरेटर केबिन का जायजा लिया। उन्होंने ऑपरेटर से मशीन में उपलब्ध सुरक्षा फीचर्स और एर्गोनॉमिक्स के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इसके अलावा कृष्णा शॉवेल का भी निरीक्षण किया।
ठेका श्रमिकों से भी किया संवाद
बी. साईराम ने केजेएसएल के कोल फेस का निरीक्षण कर वहां कार्यरत ठेका श्रमिकों से बातचीत की। इसके बाद देव माइनिंग पैच का जायजा लिया, जहां उन्होंने विभागीय कर्मचारियों और ठेका कंपनी के श्रमिकों से कार्य संबंधी विभिन्न पहलुओं पर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पीएनसी और सैनिक माइनिंग पैच का भी निरीक्षण किया।
दौरे के दौरान श्रमिकों से सीधे संवाद कर खदान की गतिविधियों को समझने और कार्यस्थल की परिस्थितियों का जायजा लेने पर जोर रहा।
उत्पादन और भविष्य की कार्ययोजना की समीक्षा
खदानों के निरीक्षण के बाद चेयरमैन ने गेवरा हाउस में दीपका एवं गेवरा की टीमों के साथ बैठक की। इसमें उत्पादन, उत्पादकता और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गई। अधिकारियों के साथ चर्चा के दौरान खनन गतिविधियों तथा निर्धारित लक्ष्यों को लेकर जानकारी ली गई।
चेयरमैन बी. साईराम रविवार को एसईसीएल की दीपका और कुसमुंडा खदानों का भी दौरा करेंगे।इस अवसर पर एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी संचालन) रमेश चंद्र महापात्र, निदेशक (तकनीकी योजना एवं परियोजना) नृपेन्द्र नाथ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















