कोरबा। जिले में नशे के अवैध कारोबार और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर कोरबा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। कोतवाली पुलिस ने गांजा बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 305 ग्राम गांजा जब्त किया है। वहीं, सार्वजनिक स्थान पर गांजा सेवन के एक अन्य मामले में भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा ऑपरेशन बाज के तहत पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है।
अटल आवास में गांजा बिक्री की सूचना पर दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि राताखार स्थित अटल आवास में रहने वाला एक युवक गांजे की पुड़िया बनाकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस ने कथित तौर पर गांजा बेच रहे युवक को पकड़कर उसके कब्जे से गवाहों की मौजूदगी में 305 ग्राम गांजा जब्त किया। मामले में अपराध क्रमांक 830/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(ए) के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सार्वजनिक स्थान पर गांजा सेवन करते मिला युवक
नशे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर गांजा सेवन के एक अन्य मामले में भी कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, कोरबा के पानी टंकी नर्सरी मोहल्ले में एक युवक के खिलाफ गांजा सेवन के मामले में कार्रवाई करते हुए 5 ग्राम गांजा जब्त किया गया। संबंधित युवक के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
ऑपरेशन बाज में पांच वारंटी गिरफ्तार
इधर, लंबित वारंटों की तामिली के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत कोरबा पुलिस ने पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से नशे के अवैध कारोबार और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर देने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















