दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक फर्जी बीएसएफ जवान को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सिमरनजीत सिंह (31 वर्ष), निवासी जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में दुर्ग के सिंधिया नगर स्थित सेंगर हाउस में किराए के मकान में रह रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 दिसंबर को ग्रीन चौक दुर्ग में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने एक सफेद रंग की डिजायर कार (क्रमांक CG 07 CR 9095) को रोककर जांच की। कार के आगे अंग्रेजी में “Police” लिखा हुआ था। जांच के दौरान वाहन चालक ने खुद को बीएसएफ का जवान बताया और पुलिस को बीएसएफ का पहचान पत्र दिखाया।
संदेह होने पर पुलिस ने आईडी कार्ड की गहन जांच की, जिसमें वह फर्जी पाया गया। आरोपी के पास से बीएसएफ का नकली पहचान पत्र भी बरामद किया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह खुद को बीएसएफ जवान बताकर लोगों को गुमराह करता था।
मोहन नगर थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। मामले की सूचना संबंधित मजिस्ट्रेट को भेज दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी कब से फर्जी पहचान के सहारे रह रहा था और कहीं उसने किसी अन्य अपराध को अंजाम तो नहीं दिया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















