कोरबा।कुसमुंडा स्थित एसईसीएल के डीएवी स्कूल में परंपरागत रूप से तुलसी पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं के महत्व से अवगत कराया गया। इस अवसर पर तुलसी पूजन के साथ जन-जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य चंद्रमोहन पांडेय तथा शिक्षण समिति के सदस्य शैलेंद्र गुप्ता एवं कौशलेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। प्रभातकाल में विद्यालय की शिक्षिका सीमा देव चंदेल एवं समस्त शिक्षकों द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों से परिसर भक्तिमय वातावरण में परिवर्तित हो गया।
शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने तुलसी पूजन कर उसके धार्मिक, सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक महत्व को जाना। इस दौरान स्कंध पुराण और ब्रह्म वैवर्त पुराण के संदर्भों के माध्यम से तुलसी के महत्व पर प्रकाश डाला गया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि संत आशाराम बापू की प्रेरणा से यह कार्यक्रम विगत कई वर्षों से नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है।
तुलसी पूजन दिवस के अवसर पर तुलसी के आठ पवित्र नामों एवं उसके विकास से जुड़े सूत्रों की जानकारी दी गई।
योग वेदांत समिति के शैलेंद्र गुप्ता सहित उपस्थित सभी लोगों ने नियमित रूप से तुलसी पूजन करने का संकल्प लिया। वहीं विद्यार्थियों ने भारतीय संस्कृति के श्रेष्ठ संस्कारों को अपने जीवन में अपनाने की शपथ ली।
हवन-पूजन एवं आरती के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया, जिसमें सभी ने आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक संदेश का अनुभव किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















