नवंबर अंत तक एक चरण का काम पूरा करने पर जोर, 15 दिसंबर तक हॉस्टल-डाइनिंग और खेल सुविधाएं तैयार करने का लक्ष्य
कोरबा। कोरबा में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज भवन का काम निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के लिए जिला प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बुधवार को अधिकारियों के साथ निर्माण स्थल का निरीक्षण कर ठेका एजेंसी को मैनपावर बढ़ाने और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने इलेक्ट्रिकल कार्यों के लिए अतिरिक्त टीम तैनात करने के साथ नवंबर के अंतिम तक निर्माण के एक चरण का काम पूरा करने पर जोर दिया।
निर्माण कार्यों की समय-सीमा तय करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कॉमन रूम, डाइनिंग रूम, फर्नीचर फिटिंग सहित भवन के विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीजीएमएससी) के अधिकारियों को सभी कार्यों का स्पष्ट वर्क शेड्यूल तैयार करने को कहा, ताकि काम की नियमित निगरानी की जा सके और तय समय-सीमा में निर्माण पूरा हो।
कलेक्टर ने हॉस्टल, डाइनिंग, प्रवेश द्वार और खेल सुविधाओं से जुड़े कार्य 15 दिसंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के डीन केके सहारे से विद्यार्थियों के लिए जरूरी संसाधनों और सुविधाओं की सूची तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा, ताकि आवश्यक सामग्री की व्यवस्था समय पर की जा सके।
परिसर की सड़कें और पहुंच मार्ग भी होंगे दुरुस्त
कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को मेडिकल कॉलेज परिसर की सड़कों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को डब्ल्यूएमएम कार्य शुरू कराने और नकटीखार से मेडिकल कॉलेज तक सड़क को फोरलेन बनाने का काम अधिकतम डेढ़ माह में पूरा करने को कहा।
मेडिकल कॉलेज के आसपास सोलर लाइट लगाने पर जोर
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज तक पहुंचने वाले मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था का मुद्दा भी उठा। कलेक्टर ने नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर लाइट लगाने के लिए शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इससे मेडिकल कॉलेज आने-जाने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के डीन केके सहारे, भवन निर्माण एजेंसी के कर्मचारी, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जीआर जांगड़े, एसडीएम सरोज महिलांगे, एसडीओ राकेश द्विवेदी तथा विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग और नगर निगम के अधिकारी उपस्थित थे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















