मुर्गी चोरी के विवाद में ईंट से हमला कर युवक की हत्या,आरोपी फरार; पुलिस ने शुरू की जांच

कोरबा। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा में मुर्गी चोरी को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। कहासुनी के दौरान एक व्यक्ति ने ईंट से हमला कर युवक की हत्या कर दी। घटना मंगलवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।

वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

मुर्गी चोरी को लेकर हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ग्राम नुनेरा निवासी खुशहाल पोर्ते का मुर्गी चोरी को लेकर नारायण कंवर से विवाद हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान नारायण कंवर ने पास में रखी ईंट से खुशहाल पोर्ते पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से खुशहाल की मौत हो गई।

घटना से गांव में मचा हड़कंप
वारदात की जानकारी फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया।

सुबह आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए।

सूचना मिलने पर पाली थाना प्रभारी मनोज कश्यप पुलिस टीम और विभागीय अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।

कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मुर्गी चोरी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान नारायण कंवर द्वारा खुशहाल पोर्ते पर ईंट से हमला किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।