पसान क्षेत्र में डेढ़ महीने से डटे हैं 60 हाथी, फसल और मकानों को नुकसान से ग्रामीणों में दहशत
कोरबा। कटघोरा वनमंडल के पसान क्षेत्र में हाथियों की लगातार मौजूदगी और उनके द्वारा फसलों व मकानों को नुकसान पहुंचाए जाने से ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पिछले डेढ़ महीने से करीब 60 हाथियों का झुंड एक ही क्षेत्र में डटा हुआ है। हाथियों की आवाजाही से ग्रामीण दहशत में हैं और रात जागकर बिताने को मजबूर हैं। समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार, 15 अक्टूबर को पसान चौक पर चक्काजाम करने की चेतावनी दी है।
डेढ़ महीने से गांवों के आसपास मंडरा रहा हाथियों का झुंड
जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा के अंतर्गत ग्राम पंचायत पसान क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों के बीच भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों का झुंड लगातार खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। इसके अलावा मकानों और घरेलू सामान को भी क्षति पहुंचने की शिकायतें हैं। हाथियों की आवाजाही के कारण लोग रातभर सतर्क रहने को मजबूर हैं। उन्हें हर समय किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।
वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि हाथियों से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए वन विभाग की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लंबे समय से समस्या बनी रहने के बावजूद समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि फसलों और मकानों को हो रहे नुकसान के साथ जान-माल की सुरक्षा भी चिंता का विषय बनी हुई है।
प्रशासन को दी चक्काजाम की सूचना
समस्या से परेशान ग्रामीणों ने पोड़ी उपरोड़ा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को आवेदन देकर चक्काजाम की सूचना दी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि गुरुवार तक हाथियों की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो पूर्व सरपंच के नेतृत्व में आक्रोशित ग्रामीण 15 अक्टूबर को पसान चौक पर चक्काजाम करेंगे। उन्होंने कहा है कि इस स्थिति की जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
अब देखना होगा कि ग्रामीणों की चेतावनी के बाद वन विभाग और प्रशासन हाथियों की समस्या से राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















