सिर्फ रैलीऔर भाषण से नहीं आएगी स्वच्छता, व्यवहार बदलना होगा

एसईसीएल दीपका जीएम शरद कुमार तिवारी ने कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण, टेबल-कंप्यूटर पर धूल देख जताई नाराजगी

कोरबा। स्वच्छता केवल अभियान, रैली और शपथ तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे अपनी आदत और संस्कृति का हिस्सा बनाना होगा। स्वच्छता की शुरुआत हर व्यक्ति को खुद से करनी होगी। यदि व्यवहार में स्वच्छता शामिल हो जाए तो बार-बार रैली निकालने और शपथ लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह संदेश एसईसीएल दीपका क्षेत्र के महाप्रबंधक शरद कुमार तिवारी ने विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान दिया।

कार्यालयों में गंदगी देखकर जताई नाराजगी

पदभार संभालने के महज दो दिन बाद ही महाप्रबंधक शरद कुमार तिवारी ने कार्यालय के विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यस्थलों, टेबल तथा कंप्यूटर स्क्रीन पर धूल जमी देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल विशेष अभियान के दिनों तक सीमित रखना उचित नहीं है। कार्यालय हो या कॉलोनी, साफ-सफाई बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए दैनिक कार्यशैली में बदलाव लाना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रगतिनगर से निकली स्वच्छता जागरूकता रैली

एसईसीएल दीपका क्षेत्र में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ प्रगतिनगर स्थित स्नेह मिलन सांस्कृतिक भवन से हुआ। यहां से रैली प्रगतिनगर कॉलोनी का भ्रमण करते हुए सामुदायिक भवन, ऑफिसर्स क्लब दीपका पहुंची। इस दौरान लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और साफ-सफाई को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

रैली के समापन पर महाप्रबंधक ने कर्मचारियों और अधिकारियों से स्वच्छता को अपनी आदत में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ कार्यालय, आवासीय कॉलोनी और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई पर भी ध्यान देना जरूरी है।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक खनन नागेंद्र कुमार साहू, स्वच्छता अभियान के नोडल अधिकारी राजेंद्र कुमार,दीपका डिस्पेंसरी के सीएमओ सुधीर कुमार रजक,पर्यावरण विभाग प्रमुख संध्या पोट्टम,मानव संसाधन प्रमुख किल्ली प्रसाद, जीएम एक्सकेवेशन एलआर.सूर्यवंशी,एरिया सेफ्टी ऑफिसर के.एल. सरौता, प्रोजेक्ट सेफ्टी ऑफिसर राबिन मिर्धा,उप महाप्रबंधक नवीन कुमार, मानव संसाधन प्रबंधक ललित कौरव, अनुपम दास, डॉ. शिवकुमार चंद्रा सहित ट्रेड यूनियन की संयुक्त सलाहकार समिति के एरिया एवं प्रोजेक्ट स्तर के सदस्य, अधिकारी-कर्मचारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।